मोबाइल की स्क्रीन से सड़क तक पहुंचा विवाद! सोशल मीडिया की बहस ने लिया खौफनाक मोड़, युवक पर चाकुओं से हमला, हालत गंभीर....

 मंडी।

सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक मामूली बहस कब हिंसक रूप ले लेगी, इसका अंदाजा शायद किसी को नहीं होता। मंडी जिले से सामने आए एक सनसनीखेज मामले में सोशल मीडिया पर हुई बहस ने ऐसा खौफनाक मोड़ ले लिया कि एक युवक पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, यह विवाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शुरू हुआ था, जहां दो गुटों के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज होने लगी। धीरे-धीरे यह ऑनलाइन विवाद वास्तविक दुनिया में उतर आया। दोनों पक्ष आमने-सामने आए और मामला मंडी शहर में एक मैकेनिक की दुकान तक पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी के दौरान एक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पहले मंडी अस्पताल लाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे AIIMS बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद अस्पताल के बेड से घायल युवक का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह हमले की पूरी दास्तान बयान करता नजर आ रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमले की पूरी कड़ी और इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान की जा सके।

मंडी पुलिस अधीक्षक ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस FIR दर्ज की गई है। एक पक्ष की शिकायत पर हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच हर एंगल से की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर इस बात की चेतावनी है कि सोशल मीडिया पर बढ़ता गुस्सा और नफरत किस तरह युवाओं को हिंसा की ओर धकेल रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर संयम बरतें और किसी भी विवाद को कानून हाथ में लेने की बजाय कानूनी तरीके से सुलझाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
loading...