कांगड़ा में रहस्यमयी मौत! कुणाल पथरी रोड के पास मिला अज्ञात शव, पहचान में जुटी पुलिस

धर्मशाला।
कांगड़ा जिले के धर्मशाला क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब पुलिस थाना धर्मशाला के अंतर्गत कुणाल पथरी रोड के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। शव की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। एएसपी कांगड़ा रजिंदर जसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर एक अज्ञात व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार मृतक के पास कबाड़ का सामान पाया गया है, जिससे प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति कबाड़ बीनने का काम करता होगा। हालांकि मौत के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
एएसपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। साथ ही मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसका फोटो आसपास के सभी थानों में भेजा जाएगा।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
loading...