नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की सीआईए टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर भद्रोआ बैरियर के पास कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा और उनके पास से भारी मात्रा में च.र.स बरामद की।
जानकारी के मुताबिक पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि भद्रोआ बैरियर के आसपास कुछ संदिग्ध लोग नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद बलदेव और जीत नामक दो व्यक्तियों को रोका और उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 114.2 ग्राम च.र.स बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी चंबा जिले के तीसा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इस मामले में डमटाल पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस का सहयोग करें और अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Post a Comment