हिमाचल पुलिस का होटल में बड़ा छापा! कुल्लू–मनाली में लाखों का चिट्टा और चरस बरामद, होटल से दो पंजाबी युवक और नाके पर एक तस्कर गिरफ्तार

 कुल्लू।

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुल्लू पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चिट्टा और चरस की भारी खेप बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

पहले मामले में पुलिस थाना मनाली की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मनाली के एक होटल में बाहरी राज्यों से आए युवक चिट्टे की तस्करी में संलिप्त हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित होटल में दबिश दी।

पुलिस ने होटल के कमरा नंबर-203 की तलाशी ली, जहां दो युवक ठहरे हुए थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 39.650 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही नशीला पदार्थ कब्जे में लेते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उपेंद्र जीत सिंह (21) निवासी जालंधर, पंजाब और वलकार सिंह (25) निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस का मानना है कि यह खेप किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है।

दूसरा मामला पुलिस थाना भुंतर क्षेत्र का है। पुलिस टीम ने सियुंड क्षेत्र में हाथीथान–मणिकर्ण रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक व्यक्ति को शक के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 560 ग्राम चरस बरामद की गई। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरे आरोपी की पहचान टेक राम (47) निवासी गांव देऊधरा, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीली खेप कहां से लाई गई थी और आगे किसे सप्लाई की जानी थी। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी नशा बेचने या खरीदने की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post