मनाली।
पर्यटन नगरी मनाली में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मनाली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक निजी होटल में दबिश देकर दो युवकों को हिरासत में लिया है, जिनके कब्जे से 39.650 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मनाली के एक निजी होटल में रुके हुए थे। गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने होटल में तलाशी ली, तो दोनों युवकों के पास से भारी मात्रा में चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
आरोपियों की पहचान उपेंद्र जीप सिंह, निवासी झिंदियाला मंजकी, तहसील फिल्लौर, जिला जालंधर (पंजाब) और बलकर लाल, निवासी विजय नगर बाईपास, अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मनाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह नशा किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लाए थे और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। खासकर पर्यटन स्थलों पर नशे की तस्करी को रोकने के लिए सख्त निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने साफ किया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Post a Comment